Bikaner Bikaner District Rajasthan

कलश यात्रा के साथ शुरू हुई श्री गौ नंदी कृपा कथा

कलश यात्रा के साथ शुरू हुई श्री गौ नंदी कृपा कथा
बीकानेर। केसरदेसर जाटान गांव स्थित गौशाला परिसर में शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्री गौ नंदी कृपा कथा एवं सुरभि यज्ञ का शुभारंभ हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गौसेवा एवं वैदिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। कार्यक्रम की शुरुआत अग्नि प्रज्ज्वलन, नवग्रह पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इसके पश्चात विश्व कल्याण, गौ संवर्धन एवं सुख-समृद्धि की कामना के साथ सुरभि यज्ञ संपन्न कराया गया। ठाकुरजी के मंदिर से गौशाला तक निकाली गई कलश यात्रा में बीकानेर, नोखा, देशनोक, नापासर, सींथल, गाढ़वाला सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर मणका देवी, गोपी किशन चांडक, जुगल-मधु चांडक, सुनील-संतोष चांडक, प्रयाग चंद चांडक सहित माहेश्वरी समाज एवं गांव के विभिन्न जाति-समुदायों के प्रतिष्ठित नागरिकों ने पूजा-अर्चना एवं आरती कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।
आयोजकों ने बताया कि कथा एवं यज्ञ का आयोजन 6 जून तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार, गौ नंदी कृपा कथा, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम का उद्देश्य गौसेवा, सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *