Bikaner Bikaner District Rajasthan

ओडीओपी नीति में संशोधन, बीकानेर के नमकीन उद्योगों को मिलेगा विस्तार अनुदान

ओडीओपी नीति में संशोधन, बीकानेर के नमकीन उद्योगों को मिलेगा विस्तार अनुदान
बीकानेर। राज्य सरकार ने स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “एक जिला एक उत्पाद” (ओडीओपी) नीति-2024 में महत्वपूर्ण संशोधन किए हैं। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अब बीकानेर के प्रसिद्ध नमकीन उद्योगों को विस्तार कार्यों के लिए भी मार्जिन मनी अनुदान का लाभ मिल सकेगा। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा ने बताया कि पहले यह सुविधा केवल नई इकाइयों की स्थापना तक सीमित थी, लेकिन अब मौजूदा नमकीन इकाइयों के विस्तार को भी योजना में शामिल किया गया है। इसके साथ ही निजी संस्थानों के माध्यम से तकनीकी उन्नयन कराने पर भी उद्योगों को अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य बजट 2026-27 में ओडीओपी इकाइयों के विस्तार हेतु मार्जिन मनी अनुदान देने की घोषणा की गई थी, जिसे 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी कर दिया गया है। संशोधित प्रावधानों के अनुसार सूक्ष्म श्रेणी की इकाइयों को 20 लाख रुपये तथा लघु श्रेणी की इकाइयों को 15 लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने 15 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट भी निर्धारित किया है। नई व्यवस्था के तहत उद्योग अब निजी संस्थानों से तकनीकी अपग्रेडेशन करवाने पर भी 5 लाख रुपये तक का अनुदान प्राप्त कर सकेंगे। इससे उद्यमियों को आधुनिक तकनीक अपनाने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायता मिलेगी। महाप्रबंधक ने बताया कि ओडीओपी नीति-2024 के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया को 1 मार्च 2026 से पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है, जिससे आवेदन और स्वीकृति की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *