Bikaner Bikaner District Rajasthan

पेयजल संकट को लेकर क्षेत्रवासियों का प्रदर्शन, जेईएन का किया घेराव

पेयजल संकट को लेकर क्षेत्रवासियों का प्रदर्शन, जेईएन का किया घेराव
बीकानेर। भीषण गर्मी के बीच सुजानदेसर, खुदखुदा डेरा, सलागनाथ जी का डेरा एवं आसपास के क्षेत्रों में कई दिनों से ठप पड़ी पेयजल आपूर्ति को लेकर आमजन का आक्रोश सामने आया। क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के दौरान ठेकेदार की लापरवाही से मुख्य पेयजल पाइपलाइन कट जाने के कारण हजारों लोग पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। समस्या से परेशान नागरिकों ने जलदाय विभाग के जेईएन अजय कुमार चौधरी का घेराव कर तत्काल समाधान की मांग की। इससे पूर्व क्षेत्रवासियों एवं प्रबुद्धजनों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजेंद्र पंवार तथा प्रेम गहलोत ने प्रशासन एवं संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के मुख्य पाइपलाइन काट देना जनता के मूल अधिकारों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में जब पानी की आवश्यकता सबसे अधिक है, तब हजारों परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं और निजी टैंकरों पर अतिरिक्त खर्च उठाने को मजबूर हो रहे हैं। इस अवसर पर नेमीचंद गहलोत, मुकेश बन, गोपीकिशन गहलोत, दीपक गहलोत, शिव गहलोत एवं पवन सांखला सहित क्षेत्र के सैकड़ों वार्डवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और शीघ्र समाधान की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *