

पेयजल, बिजली और सिंचाई समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग बीकानेर देहात की ओर से खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट, बिजली व्यवस्था की बदहाली, सिंचाई समस्याओं, भूमि आवंटन निरस्तीकरण, बढ़ती बेरोजगारी एवं क्षेत्र में फैलते नशे के विरोध में जाट धर्मशाला, खाजूवाला में बैठक आयोजित की गई। बैठक के पश्चात कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने जुलूस के रूप में खाजूवाला उपखंड कार्यालय पहुंचकर उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सत्तू खान पड़िहार के नेतृत्व में सौंपा गया। इसमें मांग की गई कि खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में पंचायतवार कार्ययोजना बनाकर पेयजल, बिजली, सिंचाई एवं अन्य ग्रामीण समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। इस अवसर पर बिशनाराम सियाग सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
