

वैश्य महासम्मेलन में सदस्यता अभियान में एकजुटता पर जोर
बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने स्वर्गीय शिवरतन अग्रवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके पुत्र दीपक अग्रवाल सहित शोक संतप्त परिवारजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान उनके साथ जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भी मौजूद रहे और सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात महासम्मेलन की सदस्यता अभियान समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों और विस्तार पर चर्चा करते हुए विनोद बाफना ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाने का आह्वान किया तथा सक्रिय सदस्यों के कार्यों की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया। डॉ. अशोक अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित होकर व्यापारिक दृष्टिकोण से एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। इससे न केवल सामाजिक एकता मजबूत होगी, बल्कि आर्थिक स्तर पर भी समाज सशक्त बनेगा। महिला इकाई अध्यक्ष ममता राठी ने भी आश्वासन दिया कि सदस्यता अभियान में महिलाओं की भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी और महिला सदस्यों की संख्या को सर्वाधिक किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया। इनमें जैन महासभा के कन्हैयालाल बोथरा व संजय सांड, माहेश्वरी समाज के ललित झंवर, विजयवर्गीय समाज के निलेश एवं ज्योति विजयवर्गीय, खंडेलवाल समाज के महेश व प्रेम खंडेलवाल तथा महात्मा समाज के शिवकुमार एवं दिनेश महात्मा को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रमोद देवड़ा, सुशील बंसल, केदारनाथ अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
