

बीकाणा सृजन सम्मान से सम्मानित हुए बुलाकी शर्मा और प्रमोद कुमार
बीकानेर। साहित्य संस्कृति कला संगम की ओर से नगर के वरिष्ठ साहित्यकार बुलाकी शर्मा एवं प्रमोद कुमार शर्मा को उनकी उत्कृष्ट साहित्य साधना और सृजनात्मक योगदान के लिए “बीकाणा सृजन सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का आयोजन महारानी सुदर्शन आर्ट गैलरी में आयोजित किया गया।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष कासिम बीकानेरी ने बताया कि दोनों साहित्यकारों ने वर्षों से साहित्य, संस्कृति और समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। समारोह में अतिथियों द्वारा दोनों रचनाकारों को माल्यार्पण, शॉल, श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कमल रंगा ने कहा कि बुलाकी शर्मा शब्द साधना के अनथक यात्री हैं और आज भी अपनी सृजनात्मकता में निरंतर नवाचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे साहित्यकार नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
इस अवसर पर रंगकर्मी मधु आचार्य ने कहा कि दोनों रचनाकार अपनी साहित्य साधना के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा को समृद्ध कर रहे हैं और उनका सृजन ऋषिकर्म के समान है। वहीं मालचंद तिवाड़ी ने दोनों साहित्यकारों की दीर्घकालीन साहित्य साधना को रेखांकित करते हुए उनके निरंतर सृजनशील बने रहने की शुभकामनाएं दीं। समारोह में वली मोहम्मद गौरी, बुलाकी शर्मा, प्रमोद कुमार शर्मा एवं कासिम बीकानेरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान काव्य पाठ का आयोजन भी हुआ, जिसमें संजय पुरोहित, मुनव्वर हुसैन, सागर सिद्दीकी, सौरभ कश्यप, रवि शुक्ला, राजेंद्र जोशी, डॉ. चंचला पाठक, डॉ. कृष्णा आचार्य, मोहम्मद मोईन, इंद्रा व्यास, राजेंद्र स्वर्णकार, शकील गौरी, डॉ. नृसिंह बिन्नानी, डॉ. गौरी शंकर प्रजापत, कैलाश टाक, राजाराम स्वर्णकार, जुगल किशोर पुरोहित, के. के. व्यास ‘शिल्पी’ एवं शमीम अहमद सहित अनेक रचनाकारों ने अपनी कविताओं और रचनाओं की प्रस्तुति देकर साहित्यिक माहौल को जीवंत बना दिया।
