

गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल के मर्दाना वार्ड में लगे एसी, रोगियों को मिलेगी राहत
बीकानेर। गंगाशहर नागरिक परिषद् द्वारा गंगाशहर सैटेलाइट चिकित्सालय के प्रथम तल स्थित मर्दाना वार्ड को वातानुकूलित किया गया है। इस पहल से बढ़ती गर्मी में मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। परिषद् की गंगाशहर इकाई के संयोजक जतनलाल दूगड़ ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसे देखते हुए प्रथम तल के वार्ड में पुरुष रोगियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस वार्ड में पूर्व में ही गंगाशहर नागरिक परिषद् द्वारा 20 बेड उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। बच्छराज रांका ने जानकारी दी कि वार्ड के वातानुकूलन के लिए परिषद् द्वारा मुकेश बाल्मीकि को तीन एसी भेंट किए गए, जिससे वार्ड को पूरी तरह से ठंडा और आरामदायक बनाया जा सका। इस अवसर पर परिषद् का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. बाल्मीकि ने कहा कि इस सुविधा से मरीजों को न केवल राहत मिलेगी, बल्कि चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को भी कार्य करने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। इस पहल को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
