

कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन 1 मई को
बीकानेर। साहित्य, संस्कृति और कला के क्षेत्र में सक्रिय संस्था “साहित्य संस्कृति कला संगम” की ओर से नगर के वरिष्ठ व्यंग्यकार एवं साहित्यकार बुलाकी शर्मा तथा साहित्यकार प्रमोद कुमार शर्मा को उनके सुदीर्घ साहित्यिक अवदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह आगामी 1 मई को महारानी सुदर्शन आर्ट गैलरी, नागरी भण्डार बीकानेर में आयोजित होगा। कहानीकार कासिम बीकानेरी ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह की अध्यक्षता कमल रंगा करेंगे, जबकि कार्यक्रम में मालचंद तिवाड़ी का सान्निध्य रहेगा। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में मधु आचार्य उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह के साथ नगर के चुनिंदा रचनाकारों की सहभागिता से कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में हिंदी, उर्दू और राजस्थानी भाषा के रचनाकार अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देकर साहित्यिक वातावरण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन साहित्य प्रेमियों के लिए एक विशेष अवसर होगा, जहां विभिन्न भाषाओं और विधाओं के रचनाकार एक मंच पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेंगे।
