

वैष्णो धाम मंदिर परिसर में लगाए 31 पालसिये, पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था
बीकानेर। बढ़ती गर्मी और जल संकट के बीच पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से वन्देमातरम महिला शक्ति टीम की ओर से “पालसिया लगाओ” अभियान के तहत सराहनीय पहल की गई। टीम सदस्यों ने जयपुर रोड स्थित वैष्णो धाम मंदिर परिसर एवं उसके आसपास के पेड़ों पर 31 पालसिये लगाकर उनमें पानी भरने की व्यवस्था की, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम के दौरान टीम की महिलाओं ने पेड़ों पर पालसिये सावधानीपूर्वक लगाए और उनमें स्वच्छ पानी भरकर पक्षियों के संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने कहा कि गर्मी के दिनों में पक्षियों को पानी नहीं मिलने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। इस सेवा कार्य में ओणम भुरा ने भी वन्देमातरम महिला शक्ति टीम से जुड़कर सहयोग प्रदान किया। टीम सदस्यों ने उनके सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक कार्यों में जनसहभागिता से ही सकारात्मक बदलाव संभव है। कार्यक्रम में कामिनी भोजक, माया भाटी, विजयलक्ष्मी मूंधड़ा, आसू भाटिया, जसोदा खत्री, सूरज राठौड़, सुमित्रा सैन, जितेंद्र भोजक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने लोगों से अपील की कि गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था कर जीवों के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दें।
