Bikaner Bikaner District Rajasthan

लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में अव्यवस्थाओं का अंबार, सफाई व सुरक्षा पर उठे सवाल

लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में अव्यवस्थाओं का अंबार, सफाई व सुरक्षा पर उठे सवाल
बीकानेर। शहर के प्रमुख आस्था केंद्र लक्ष्मीनाथ मंदिर में इन दिनों अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं और देर रात करीब 12 बजे तक मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन बढ़ती भीड़ के अनुरूप व्यवस्थाएं नदारद नजर आ रही हैं। मंदिर परिसर और आसपास सफाई व्यवस्था लगातार चरमराई हुई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे वातावरण दूषित हो रहा है और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर के पार्क में लंबे समय से बंद पड़ा फव्वारा अब गंदे पानी के कारण दुर्गंध फैलाने लगा है, जिससे स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ आयोजन समितियां प्रशासन की अनुमति से पार्क में कार्यक्रम आयोजित तो करवा लेती हैं, लेकिन आयोजन के बाद सफाई की जिम्मेदारी नहीं निभाई जाती, जिससे गंदगी जस की तस बनी रहती है। इसके अलावा पार्क का भ्रमण पथ भी कई जगहों से टूटा हुआ है, जो आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए असुविधा और खतरे का कारण बन रहा है। सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। रात्रि के समय लंबे समय तक गार्ड की ड्यूटी बंद रही और इस महीने जो गार्ड लगाया गया है, उसका भी कोई निश्चित समय नहीं है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई, मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि इस प्रमुख धार्मिक स्थल की गरिमा बनी रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *