

गौवंश को पानी पिलाकर व लापसी खिलाकर निभाई सेवा
बीकानेर। गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर बीकानेर सेवा योजना द्वारा दो अलग-अलग क्षेत्रों में भीषण गर्मी के बीच गौवंश की सेवा करते हुए उनकी प्यास बुझाने और भोजन की व्यवस्था की गई। इस सेवा कार्य ने सामाजिक सरोकार और जीवदया का संदेश दिया। राजकुमार व्यास ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरधना गांव के पास छोटूलाल चुरा के नेतृत्व में वन विभाग के अंदरूनी क्षेत्र में स्थित लंबे समय से खाली पड़े सोसर (पानी के कुंड) की सफाई कर उसमें स्वच्छ पानी भरवाया गया। इस पहल से न केवल गौवंश, बल्कि अन्य पशु-पक्षियों को भी राहत मिलेगी और उनकी प्यास बुझ सकेगी। वहीं, नाल रोड क्षेत्र में गौरीशंकर व्यास के नेतृत्व में गायों के लिए लापसी बनाकर उन्हें खिलाई गई। भीषण गर्मी में इस प्रकार की सेवा कार्यों से गौवंश को पोषण और राहत मिली। इस पुनीत कार्य में रमेश व्यास, चंद्रकांत पड़िहार और रामलाल पंवार सहित अन्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और पशु सेवा का संदेश देते हुए समाज को प्रेरित किया गया कि गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
