

कच्ची बस्ती में शिक्षा, स्वास्थ्य व स्वच्छता पर दिया जोर
बीकानेर। महिला सुरक्षा फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा कच्ची बस्ती क्षेत्र में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बस्ती में रहने वाले बच्चों एवं महिलाओं को सरकार की नवीन योजनाओं, स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उपस्थित महिलाओं और बच्चों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी आदतों को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। डॉ. अर्पिता गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि बस्ती में रहने वाले बच्चों के लिए शिक्षा ही एक ऐसा सशक्त माध्यम है, जो उन्हें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा को प्राथमिकता दें। इस अवसर पर नीति शर्मा और श्वेता कोठारी ने महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने और स्वास्थ्यकर जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रिया भार्गव, खुशबू कोठारी, खुशबू खथूरिया एवं ज्योति खत्री सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
