

पशुपालन विभाग में पदोन्नति नहीं होने पर कर्मचारी महासंघ ने उठाई आवाज, मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
बीकानेर। अखिल राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) के पशुपालन विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश आचार्य ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर विभाग में लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। पत्र में बताया गया कि पशुपालन विभाग में कार्यरत पशुधन परीचर विज्ञान वर्ग के कई कर्मचारी 12वीं उत्तीर्ण होने के साथ-साथ एक वर्षीय पशुधन निरीक्षक डिप्लोमा भी प्राप्त कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पाया है। कुछ कर्मचारी पिछले 26 वर्षों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं। महासंघ के अनुसार विभाग में लगभग 10 ऐसे कार्मिक हैं जो पशुधन निरीक्षक पद के लिए पूर्णतः योग्य हैं, लेकिन बार-बार निवेदन करने के बावजूद विभाग द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में निराशा का माहौल है। इस संबंध में रमेश उपाध्याय द्वारा पशुपालन विभाग के मंत्री जोरा राम कुमावत को भी संघ की ओर से पत्र सौंपा गया, लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। महासंघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि योग्य कर्मचारियों को शीघ्र पदोन्नति प्रदान कर उनके साथ न्याय किया जाए।
