

व्यापार मंडल ने उठाई मांग, प्रमुख फाटकों पर छाया व्यवस्था की अपील
बीकानेर। भीषण गर्मी के चलते आमजन को हो रही परेशानियों को देखते हुए बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के पदाधिकारियों ने नगर निगम के उपायुक्त यशपाल आहूजा से मुलाकात कर महत्वपूर्ण मांग रखी। मंडल के सचिव संजय सांड ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए शहर के प्रमुख रेलवे क्रॉसिंग, कोटगेट एवं सांखला फाटक पर अस्थायी टेंट या छाया की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने बताया कि इन स्थानों पर दिनभर लंबा जाम लगा रहता है, जिसके कारण आम नागरिकों को तेज धूप में खड़ा रहना पड़ता है। इससे लोगों को लू और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान सह सचिव इमरान राठौड़ भी उपस्थित रहे। उपायुक्त यशपाल आहूजा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, ताकि शहरवासियों को गर्मी से राहत मिल सके।
