

हुनर हाट प्रदर्शनी का समापन, महिलाओं के हुनर को मिला मंच
बीकानेर। श्री ब्राह्मण स्वर्णकार स्वर्ण सुगंध महिला समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय हुनर हाट प्रदर्शनी का समापन श्री ब्राह्मण स्वर्णकार तीन गवाड़ पंचायती भवन ट्रस्ट में किया गया। समारोह की अध्यक्षता ट्रस्ट के ट्रस्टी लक्ष्मीनारायण सोनी ने की, जबकि मंच पर समिति की अध्यक्ष श्रीमती विमला सोनी एवं कोषाध्यक्ष कंचन सोनी उपस्थित रहीं। समाजसेवी रामेश्वर बाड़मेरा साधक ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में हुनर हाट की महत्ता बताते हुए इसे महिलाओं के सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बताया। वहीं गायक पवन सोनी ने हुनर हाट पर आधारित प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। कवि-कथाकार राजाराम स्वर्णकार ने आयोजन की सफलता पर समिति एवं आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में समाज में इस प्रकार की रचनात्मक चेतना का विकास अत्यंत आवश्यक है। समिति की सचिव अनीता सोनी ने स्वागत उद्बोधन में महिलाओं के जुझारूपन की प्रशंसा की, जबकि कोषाध्यक्ष कंचन सोनी ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही। समारोह के दौरान सभी स्टॉल धारकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में विशेष सहयोग के लिए पंचायत भवन ट्रस्ट, राजाराम स्वर्णकार, पवन सोनी एवं बाबूलाल दैया का भी सम्मान किया गया। इसके साथ ही समिति की निष्ठावान कार्यकर्ताओं—अनीता सोनी, तारा सोनी, नीतू सोनी, इंदु सोनी, रूपा सोनी एवं कंचन सोनी को सम्मानित किया गया। अंत में समिति की अध्यक्ष विमला सोनी एवं संस्थापक मनीषा आर्य सोनी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
