

लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्यवाही करने की निर्देश
बीकानेर। माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने जिले के लूणकरनसर ब्लॉक के विभिन्न राजकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रवेशोत्सव कार्यक्रम अभियान की समीक्षा की। इसमें विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण निर्माण एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 हेतु प्रवेशोत्सव सघन अभियान के लिए जारी विभागीय दिशा-निर्देशों की अनुपालना विद्यालयों द्वारा प्रभावी ढंग से किए जाने का फीडबैक लिया गया। विद्यालयों मे विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं अध्यापन कार्य के बारे मे जाना। जाट ने बताया कि इस वर्ष प्रवेशोत्सव हेतु सर्वे कार्य समस्त विद्यालयों में चार चरणों में करवाये जाने के निर्देश थे। जिसका प्रथम चरण 27 मार्च एवं द्वितीय चरण 7 अप्रैल से निर्धारित था। निदेशक द्वारा राउमावि बामनवाली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कोई भी विद्यार्थी उपस्थित नहीं पाया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हंसेरा का अवलोकन किया गया। विद्यालय के कुल 16 कार्मिकों में से केवल 9 कार्मिक ही उपस्थित पाए गए। अध्यापिका रजनी बाला अध्यापक ले-2 (अंग्रेजी) एवं विद्यालय सहायक गिरधारी लाल मूंड बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस कारण इनको तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारम्भिक/माध्यमिक श्री किशन दान चारण साथ रहे।
