

ओलावृष्टि से रबी फसलें चौपट
बीकानेर। जिले की विभिन्न तहसीलों में अचानक आई तेज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि एवं बेमौसम बारिश से रबी की फसलें बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई हैं। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने प्रशासन को ज्ञापन देकर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा से किसानों की चार माह की मेहनत पूरी तरह बर्बाद हो गई है। जिले में इसबगोल, गेहूं, जीरा, सरसों, खड़वा और चना सहित अधिकांश रबी फसलें या तो कटाई के लिए तैयार थीं या खेतों में खड़ी थीं, जिन्हें तेज आंधी और ओलावृष्टि ने भारी नुकसान पहुंचाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन से मांग की गई है कि प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र विशेष गिरदावरी (फसल सर्वे) करवाई जाए और नुकसान का सही आकलन कर किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
