

साहित्यिक लेखन के लिए अर्पिेत किये जायेंगे पुरस्कार
बीकानेर। साहित्य के मौलिक लेखन को सम्मान प्रदान करने के दृष्टिगत राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति, श्रीडूंगरगढ द्वारा प्रति वर्ष दिए जाने वाले राष्ट्रीय पुरस्कारों एवं सम्मानों के लिए प्रविष्टियां व प्रस्ताव आमंत्रित किये गये हैं। इस आशय की जानकारी देते हुए संस्था के श्याम महर्षि ने बताया कि भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय अवदान के लिए अर्पित किए जाने वाले प्रतिष्ठित मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान, डॉ. नंदलाल महर्षि स्मृति हिन्दी साहित्य सृजन पुरस्कार, चन्द्रमोहन हाड़ा हिमकर स्मृति उपन्यास लेखन पुरस्कार, शिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार, श्याम सुंन्दर नागला स्मृति बाल साहित्य सृजन पुरस्कार, साहित्य के इतर विषयों से जुड़े सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार और रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान के लिए कृतियां-प्रस्ताव मांगे गये हैं। उपन्यास विधा के पुरस्कार में एतिहासिक पृष्ठभूमि पर रचित उपन्यासों को प्राथमिकता दी जावेगी। महर्षि ने बताया कि साहित्यश्री सम्मान में 21 हजार रुपए एवं अन्य सभी पुरस्कारों-सम्मानों हेतु चयनित विद्वानों को ग्यारह-ग्यारह हजार रूपये नगद राशि, सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न, शॉल आदि यथा संस्था निर्णय 14 सितम्बर, 2026 को संस्था के वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोज्य समारोह में अर्पित किये जायेंगे।
