

‘वंदे मातरम्-150’ निबंध प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने दिखाया उत्साह
बीकानेर। वन्दे मातरम्-150 के अंतर्गत राज्य सरकार के निर्देशानुसार राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि के संयुक्त निदेशक कार्यालय में हिन्दी निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभागीय कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के संयोजक आत्माराम भाटी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक महत्व को स्मरण करना और राष्ट्रीय भावना को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जयश्री मेहरा, द्वितीय स्थान बाबूलाल भाम्भू एवं तृतीय स्थान मनीष किराडू ने प्राप्त किया। विजेताओं को संयुक्त निदेशक महिपाल मोटसरा एवं सहायक निदेशक ज्योति छंगाणी द्वारा सम्मानित किया गया। पहले तीन स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को पर्यवेक्षक प्रमोद जोशी, आत्माराम भाटी एवं उप विभागीय समिति के अध्यक्ष रतनाराम तर्ड द्वारा प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर पदोन्नत हुए 10 कर्मचारियों का भी माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महिपाल मोटसरा ने कहा कि यह आयोजन न केवल वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व को उजागर करता है, बल्कि राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गौरव और देशभक्ति की भावना को भी सुदृढ़ करने का कार्य करता है।
