

महावीर स्वामी के जिनालयों में भक्ति संगीत, पूजा व ध्वज उत्सव
बीकानेर। महावीर स्वामी की जयंती पर मंगलवार को बीकानेर में विभिन्न जिनालयों में भक्ति संगीत के साथ पूजा, भजन संध्या व ध्वज उत्सव हुए। बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने जिनालयों में दर्शन वंदन किए । अनेक जैन समाज के बंधुओं ने अपने प्रतिष्ठान पर अवकाश रखा तथा उपवास, एकासना की तपस्या की। मंदिरों में नवकार महामंत्र का जाप हुआ। छह शताब्दी से अधिक प्राचीन बैदों के महावीर जी मंदिर श्री जैन श्वेताम्बर महावीर स्वामी जी का मंदिर बैदों के चौक ट्रस्ट के तत्वावधान में सकल श्री संघ के सहयोग से भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक भक्ति भाव से मनाया गया। श्री जैन श्वेताम्बर महावीर स्वामी जी का मंदिर बैदों के चौक ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेन्द्र बैद, सचिव भूपेन्द्र बैद व कोषाध्यक्ष विजय वैद के नेतृत्व में सामूहिक अभिषेक, पूजा, भक्ति, भव्य चांदी की अंगी रचना एवं रंगोली के बाद मंदिर का वार्षिक ध्वजारोहण उत्सव हुआ। जिसमें मूलनायक भगवान महावीर स्वामी की बालुई पत्थर से निर्मित सोने के लेप की प्रतिमा के मंदिर के साथ भगवान सहस्त्र फणी पार्श्वनाथ, शंखेश्वर पार्श्वनाथ, चंदा प्रभु, भगवान शांति नाथ, सिद्धचक्र मंदिर, गौतम स्वामी, मणिभद्र वीर,चक्रेश्वरी माता की प्रतिमाओं की पूजा व अंगी की गई तथा पंच मंदिर के शिखरों पर अहमदाबाद से मंगवाई गई नई ध्वजाएं नवकार महामंत्र जाप व भक्ति गीतों व जयकारों के स्थापित की गई। श्री जैन श्वेताम्बर महावीर स्वामी जी का मंदिर बैदों के चौक ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेन्द्र बैद ने बताया कि सुबह सामूहिक भक्तामर पाठ एवं मंत्र जाप, प्रक्षाल एवं चंदन पूजा, शांति स्नात्र एवं शांति कलश के बाद मंदिर के शिखर पर नई ध्वजाएं प्रतिष्ठित की गई। दोपहर को भगवान महावीर स्वामी की पंच कल्याणक पूजा, शाम 108 दीपकों की आरती व उसके बाद भक्ति संध्या हुई।
