

मुख्य न्यायाधिपति संजीव प्रकाश शर्मा का अभिनंदन कर सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। बीकानेर बार एसोसिएशन द्वारा संजीव प्रकाश शर्मा (मुख्य न्यायाधिपति, राजस्थान उच्च न्यायालय) के बीकानेर आगमन पर प्रतीक चिन्ह, शॉल-साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बार एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने इस अवसर पर बीकानेर में लंबे समय से लंबित उच्च न्यायालय की खंडपीठ स्थापना की मांग को प्रमुखता से उठाया। साथ ही जिला एवं सत्र न्यायालय बीकानेर के अधीनस्थ न्यायालयों में पीठासीन अधिकारियों के अभाव के कारण मामलों में हो रही देरी को देखते हुए रिक्त पदों पर शीघ्र न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति की मांग रखी गई। इसके अतिरिक्त अधिवक्ताओं की संख्या 4000 से अधिक होने के कारण वर्तमान 72 चौंबर्स के ऊपर नए चौंबर्स के निर्माण की आवश्यकता भी प्रमुखता से रखी गई। इस संबंध में ज्ञापन प्रस्तुत कर मुख्य न्यायाधिपति का ध्यान आकर्षित किया गया। संजीव प्रकाश शर्मा ने सभी मांगों पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस अवसर पर धन्ने सिंह, रामकृष्ण दास गुप्ता, बच्छराज कोठारी, गणेश चौधरी, जगदीश प्रसाद शर्मा, भागीरथ मान, रविकांत वर्मा, ओमप्रकाश भादाणी, कुलदीप शर्मा सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।
