

नगर स्थापना दिवस पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम
बीकानेर। बीकानेर नगर स्थापना दिवस समारोह समिति एवं नंदलाल जोशी चौरिटेबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष बीकानेर नगर स्थापना दिवस विविधतापूर्ण रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से तीन दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शहर में सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। कार्यक्रमों की श्रृंखला में आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर की प्रतिभाएं अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। इसके साथ ही शहर के बुद्धिजीवियों की सहभागिता से एक महत्वपूर्ण समसामयिक विषय पर विशेष परिचर्चा आयोजित की जाएगी, जिसमें बीकानेर के विकास, चुनौतियों और संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा। समिति द्वारा बीकानेर के विकास में योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा, जिससे समाज में सकारात्मक कार्यों के प्रति प्रेरणा का संचार हो सके। कार्यक्रम के सहसंयोजक अनिल जोशी ने बताया कि “बीकानेर के बढ़ते कदम” विषय पर एक विशेष परिचर्चा आयोजित की जाएगी, जिसमें शहर के विकास के विभिन्न आयामों पर चर्चा होगी।
