

जिला स्तरीय जूडो टीम चयन ट्रायल 27 मार्च को
बीकानेर। बीकानेर जिला जूडो संघ के तत्वावधान में सीनियर वर्ग (महिला एवं पुरुष) जूडो टीम के चयन के लिए ट्रायल 27 मार्च को आयोजित किए जाएंगे। यह ट्रायल बाबा छोटूनाथ उमावि जसरासर के इंडोर हॉल में संपन्न होंगे। संघ के सचिव अशोक खीचड़ ने बताया कि चयन प्रक्रिया में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे, जिनका जन्म वर्ष 2011 या उससे पूर्व का है। उन्होंने खिलाड़ियों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश भी दिए। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड या मूल अंकतालिका के साथ उसकी एक फोटो कॉपी तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से लानी होगी। इसके अलावा 18 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों को अपने माता-पिता से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) लिखवाकर लाना आवश्यक होगा। उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ी आगामी 30 व 31 मार्च को सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर स्थित जूडो हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में बीकानेर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
