

जागरूकता संगोष्ठी आयोजित
बीकानेर। विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस के अवसर पर बीकानेर पीडियाट्रिक सोसाइटी एवं शिशु रोग विभाग, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में विभागीय सेमिनार कक्ष में जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दिव्या ने डाउन सिंड्रोम विषय पर वैज्ञानिक, विस्तृत एवं जानकारीपूर्ण प्रस्तुति दी। विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. जी.एस. तंवर ने बताया कि डाउन सिंड्रोम विश्वभर में लगभग प्रत्येक 700 जीवित जन्मों में एक बच्चे में पाया जाने वाला सबसे सामान्य क्रोमोसोमल विकार है। इसमें 21वें क्रोमोसोम की अतिरिक्त प्रति (ट्राइसोमी-21) होने के कारण विशिष्ट शारीरिक लक्षण, बहु-अंगों की संलिप्तता एवं न्यूरो-विकासात्मक विलंब देखा जाता है। ऐसे बच्चों में श्वसन, हृदय, थायरॉयड, श्रवण एवं दृष्टि संबंधी समस्याओं के साथ कुछ जठरांत्रीय विकारों की संभावना भी अधिक रहती है। कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. मुकेश बेनीवाल एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सारिका स्वामी ने भी विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
