

कथाकार संतोष चौधरी और भ्रमर को पोकरमल राजरानी गोयल स्मृति राजस्थानी कथा साहित्य पुरस्कार
बीकानेर। मुक्ति संस्था के तत्वावधान में पाँचवे पोकरमल राजरानी गोयल स्मृति राजस्थानी कथा साहित्य पुरस्कारों की घोषणा कर दी गयी है। मुक्ति संस्था के सचिव कवि- कथाकार राजेन्द्र जोशी ने बताया कि इन पुरस्कारों के लिए देश भर के राजस्थानी साहित्यकारों से कथा-साहित्य की पुस्तकें आमंत्रित की गई थी। जोशी ने बताया कि राजस्थानी कथा साहित्य की अनेक पुस्तकें प्राप्त हुई थी। निर्णायक मंडल द्वारा गहन अध्ययन के उपरांत राजस्थानी महिला लेखन के लिए जोधपुर की कथाकार संतोष चौधरी की राजस्थानी कहानी संग्रह काया री कळझ पर ग्यारह हजार रुपये का राजस्थानी महिला लेखन का पोकरमल राजरानी गोयल स्मृति राजस्थानी कथा साहित्य पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। जोशी ने बताया कि ग्यारह हजार रुपये का दूसरा राजस्थानी कथा पुरस्कार बीकानेर के वरिष्ठ राजस्थानी साहित्यकार भंवरलाल भ्रमर को उनके कहानी संग्रह ऊपरलो पासो के लिए दिया जाएगा। डॉ. नरेश गोयल ने उन लेखकों के प्रति आभार व्यक्त किया है जिन्होंने संस्था के आग्रह पर पुस्तकें भेजी थीं।
