

घर के बाहर खड़ी बाइक लेकर फरार हुआ अज्ञात युवक, सीसीटीवी में संदिग्ध नजर आया
बीकानेर। शहर के अमर सिंह पुरा क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 5 बजे मोटरसाइकिल चोरी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र निवासी रविन्द्र सिंह अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी कर थोड़ी देर के लिए घर के अंदर गए थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति मौका पाकर मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने क्षेत्र के विभिन्न घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ नजर आया है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने इस घटना को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने वाहनों को पार्क करते समय अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाएं और सतर्क रहें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
