

मुरलीधर व्यास नगर में जनरेटर की बैटरी चोरी, लोगों में रोष
बीकानेर। मुरलीधर व्यास नगर के सेक्टर नंबर 4 स्थित माया पब्लिक स्कूल के पास आरएस उत्सव कुंज भवन से शुक्रवार सुबह करीब 10 बजकर 27 मिनट पर जनरेटर की बैटरी चोरी होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अज्ञात चोर जनरेटर से करीब 40 हजार रुपये कीमत की बैटरी निकालकर ले गया। बताया जा रहा है कि यह जनरेटर शादी-विवाह जैसे आयोजनों में उपयोग के लिए रखा गया था। घटना के दौरान चोर को किसी का डर नहीं था और वह आसानी से बैटरी निकालकर मौके से फरार हो गया। इस पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति बैटरी चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुरलीधर व्यास नगर सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने कहा कि चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस कार्रवाई को लेकर लोगों में रोष है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की इस घटना की जल्द जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि आमजन सुरक्षित महसूस कर सकें।
