

हिंदू नव वर्ष धर्मयात्रा की तैयारियां शुरू, कार्यालय का उद्घाटन
बीकानेर। विक्रम संवत 2083 के चौत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को आयोजित होने वाली हिंदू नव वर्ष धर्मयात्रा की तैयारियों के क्रम में जसोदा भवन, गोकुल सर्किल, बीकानेर में भारतीय नव वर्ष समिति बीकानेर महानगर के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और सभी ने नव वर्ष आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। उद्घाटन समारोह संत विर्मशानंद महाराज तथा संत श्यामसुंदर महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजन-अर्चन से की गई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भाग लिया। धार्मिक वातावरण में मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ नव वर्ष की मंगलकामनाएं की गईं। इस अवसर पर समाजसेवी टेकचंद बरड़िया तथा गणेश बोथारा और भंवर पुरोहित ने उपस्थित संतों का साफा व माल्यार्पण कर सम्मान किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारतीय नव वर्ष के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज से अधिक से अधिक संख्या में धर्मयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि 19 मार्च को चौत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर बीकानेर महानगर में भव्य हिंदू नव वर्ष धर्मयात्रा निकाली जाएगी। धर्मयात्रा में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों की सहभागिता रहेगी तथा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर यह यात्रा निकलेगी। उन्होंने बताया कि धर्मयात्रा का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, परंपरा और नव वर्ष के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
