

सीए फाइनल परिणाम में बीकानेर के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
बीकानेर। सीए फाइनल कोर्स के घोषित परिणाम में बीकानेर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम गौरवान्वित किया है। सीए फाइनल कोर्स में आदित्य चांडक ने बीकानेर में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं गौरव अरोड़ा ने द्वितीय तथा दिशा पारीक ने तृतीय स्थान प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया। बीकानेर शाखा के अध्यक्ष सीए मुकेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सीए फाइनल जनवरी 2026 का परिणाम 1 मार्च 2026 को घोषित किया गया। इस परीक्षा में बीकानेर से कुल 215 विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें से 32 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। उन्होंने बताया कि दोनों ग्रुप, केवल प्रथम ग्रुप तथा केवल द्वितीय ग्रुप—तीनों श्रेणियों में विद्यार्थियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा, जिससे बीकानेर शाखा का परिणाम उल्लेखनीय रहा है। सीए मुकेश शर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के अथक परिश्रम, अनुशासन और उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी। इस अवसर पर शाखा के अध्यक्ष सीए मुकेश शर्मा सहित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
