

श्री ब्राह्मण स्वर्णकार गणेश मंदिर में फागोत्सव हर्षोल्लास से मनाया
बीकानेर। श्री ब्राह्मण स्वर्णकार गणेश मंदिर प्रांगण, कोटगेट सट्टा बाजार में फागोत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान गणेश को रंगीन वस्त्र धारण कराकर इत्र एवं पुष्पों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। भक्तों ने अबीर-गुलाल अर्पित कर भगवान के साथ पारंपरिक फाग खेलते हुए उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान भक्ति एवं संगीत का भी विशेष आयोजन किया गया। कुंदन सोनी, मनसाराम सोनी, ज्ञानेश्वर सोनी, देवेंद्र सोनी, लक्ष्मीनारायण सोनी तथा सेवाराम सोनी ने भगवान गणेश के भजनों की मधुर प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर सहभागिता की। फागोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने योग्य था। भक्तों ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। आयोजन ने सामाजिक समरसता एवं धार्मिक आस्था का सुंदर संदेश भी दिया।
