

आमली एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में सजा भक्ति का दरबार
बीकानेर। आमली एकादशी के पावन अवसर पर श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार कर पंचरंगी फूलों से भव्य सजावट की गई। लाल, पीले, गुलाबी, सफेद और हरे पुष्पों से सुसज्जित बाबा श्याम का दरबार दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। जैसे ही मंदिर के पट खुले, “हारे के सहारे, श्याम हमारे” के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण नमन कर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में चेतन शर्मा एवं किशन शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन एवं श्रृंगार संपन्न कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्ति रस में सराबोर होकर बाबा श्याम के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। आमली एकादशी के इस पावन अवसर पर मंदिर में दिनभर भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
