

श्याम फागोत्सव संकीर्तन कल
बीकानेर। श्री शिव मंदिर महिला मंडल की ओर से 21 फरवरी को दोपहर 2रू15 बजे से “एक शाम खाटू वाले के नाम” पंचम श्याम फागोत्सव संकीर्तन का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम रानी बाजार स्थित शर्मा कॉलोनी के बागड़ी भवन के पास स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित होगा। आयोजन में गुणगानकर्ता श्री श्याम आस्था परिवार द्वारा प्रभु श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आयोजन से जुड़ी नीता शर्मा ने बताया कि यह फागोत्सव विशेष रूप से मातृशक्ति के लिए पिछले पांच वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हर वर्ग की महिलाएं बढ़-चढ़कर भाग लेती हैं। कार्यक्रम के दौरान भक्ति से ओतप्रोत अनेक आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। इनमें कृष्ण नृत्य, चंग धमाल, राधा-कृष्ण नृत्य और मथुरा की प्रसिद्ध होली की झलकियां शामिल रहेंगी। भक्ति रस में डूबे भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को अमृतमयी अनुभव होगा। नीता शर्मा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक महिला शक्ति को एक मंच पर लाकर भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़ना है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की बाध्यता नहीं रखी गई है। आयोजन को सफल बनाने में श्री शिव मंदिर महिला मंडल की भावना दलेला, मधु खत्री, सरिता सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
