

कार्यकर्ताओं और भामाशाहों का सम्मान, सनातन सेवा के लिए किया प्रेरित
बीकानेर। नत्थूसर बास स्थित विवेकनाथ बस्ती में आयोजित हिन्दू सम्मेलन के सफल आयोजन के उपरांत योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं एवं भामाशाहों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम शिवसत्यनाथ महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सम्मेलन के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं और भामाशाहों को सम्मान पत्र प्रदान कर अभिनंदन किया गया तथा केसरिया अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया गया। शिवसत्यनाथ महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि धर्म और संस्कृति के उत्थान के लिए निस्वार्थ भाव से किया गया कार्य ही सच्ची सनातन राष्ट्र सेवा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि जिस ऊर्जा और समर्पण से सम्मेलन को सफल बनाया गया, वही भावना समाज के आगामी कल्याणकारी कार्यों में भी निरंतर बनी रहनी चाहिए। नन्दकिशोर गहलोत ने बताया कि कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। समारोह में सभी ने समाज एवं संस्कृति के संरक्षण और उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी लिया।
