

पर्यटन और शिक्षा के साथ सभी वर्गों के लिए लाभदायी बजट
बीकानेर। उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी द्वारा पेश किया गया बजट युवा, महिला, किसान और बुजुर्गों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। राजस्थान के सभी वर्गों को छूते हुए बीकानेर को भी कई सौगात मिली है। बीकानेर और जैसलमेर में 2,950 करोड़ की लागत से नए सोलर पार्क विकसित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में रोजगार और ऊर्जा के नए स्रोत खुलेंगे। देशनोक (बीकानेर) में 750 करोड़ की लागत से 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की योजना से जन-जन लाभान्वित होगा। थार सांस्कृतिक सर्किट के माध्यम से बीकानेर, जैसलमेर और जोधपुर के पर्यटन को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी। सड़कों के विकास के लिए 2,000 करोड़ से अधिक का प्रावधान भी किया गया है। बजट में 1 लाख नई सरकारी नौकरियों की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 30,000 युवाओं को 10 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए एनटीए की तर्ज पर राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी का गठन किया जाएगा। शिक्षा और छात्र कल्याण पर फोकस करते हुए 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट/लैपटॉप के लिए 20,000 की सहायता दी जाएगी। साथ ही, कॉलेज छात्रों के लिए ड्रीम प्रोग्राम शुरू होगा। अस्पतालों में बिना दस्तावेजों के भी मुफ्त इलाज मिल सकेगा।
