

28 फरवरी को हिन्दू धर्म सभा, पीले चावल देकर ग्रामीणों को दिया निमंत्रण
बीकानेर। नोखा के सीलवा गांव स्थित नरसी विला संत श्री दुलारामजी कुलरिया का फलसा में 28 फरवरी को विराट हिन्दू धर्मसभा का आयोजन होने जा रहा है। भंवर नरसी पूनम कुलरिया परिवार द्वारा आयोजित इस विराट हिन्दू धर्म सभा में साध्वी ऋतम्भरा का पावन सान्निध्य रहेगा। भामाशाह नरसी कुलरिया ने बताया कि साध्वी ऋतम्भरा का ओजस्वी उद्बोधन होगा तथा सींथल पीठाधीश्वर श्री क्षमाराम जी महाराज द्वारा आशीर्वचन भी दिए जाएंगे। जगदीश व जनक कुलरिया ने बताया कि 28 फरवरी 2026 को सुबह 11:00 बजे आयोजित होने वाली इस विराट हिन्दू धर्म सभा की तैयारियां जोर-शोर से जारी है तथा श्रद्धालुओं में उत्साह भी है। आयोजन से जुड़े प्रेम कुलरिया ने बताया कि उक्त कार्यक्रम के संबंध में रविवार को नोखा व पांचू सहित अनेक स्थानों पर पोस्टर विमोचन व पीले चावल बांट कर निमंत्रण दिया गया।
निमंत्रण के इसी क्रम में नोखा के श्री विश्वकर्मा मंदिर में पोस्टर विमोचन के साथ सर्व समाज को पीले चावल देकर निमंत्रण दिया गया। आयोजन समिति द्वारा विश्वकर्मा मंदिर अध्यक्ष मोहनलाल माँडन, मांगीलाल धामू, लिछुराम बमानिया, मोहन चुयल, पूनम डाढाला, सांवर माकड़, राजू उत्तम, पुखराज माँडन, नरसी माँडन, मनीष धामु और प्रेम कुलरिया, कृष्ण कुमार, कानदास सहित गणमान्य बंधुओं को श्रीमद्भगवद्गीता और मंगल कलश भेंट कर सादर आमंत्रित किया गया।
