

शिशु रोगों पर कार्यशाला आयोजित
बीकानेर। पीबीएम हॉस्पिटल के शिशु रोग विभाग में चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. जी. एस. तंवर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य बीकानेर संभाग के बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली, आधुनिक एवं जीवनरक्षक चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराना रहा। कार्यशाला में डॉ. यशु सैनी डॉ. रूप शर्मा डॉ. अजय गोयनका शामिल रहे। डॉ. जी. एस. तंवर ने बताया कि बाल गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती बच्चों में किडनी रोग गंभीर बीमारी एवं मृत्यु का एक प्रमुख कारण है, जिसके लिए शीघ्र पहचान और त्वरित उपचार अत्यंत आवश्यक है। पीडियाट्रिक क्रिटिकल केयर मूल्यांकन पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें डॉ. रूप शर्मा ने गंभीर रूप से बीमार बच्चों में त्वरित निर्णय लेने हेतु जीवंत एवं व्यावहारिक प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. पी. सी. खत्री, डॉ. सी. के. चाहर, डॉ. महेश शर्मा तथा डॉ. रेणु अग्रवाल की उपस्थिति रही।
