

बीकानेर, 16 जनवरी।
बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने शुक्रवार को विधायक जनसुनवाई केन्द्र में बैठक लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को 10 फरवरी को आयोजित होने वाले पुष्करणा ब्राह्मण समाज के सामूहिक सावे (ओलम्पिक सावे) के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक श्री व्यास ने कहा कि 10 फरवरी को होने वाले ओलम्पिक सावे में सैकड़ों नवयुगल दाम्पत्य सूत्र में बंधेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रवासी बीकानेरी भी शहर आएंगे। साथ ही शहरी परकोटे के लगभग प्रत्येक परिवार की प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष भागीदारी रहेगी। इसे ध्यान में रखते हुए फरवरी के प्रथम सप्ताह से शहरी क्षेत्र में साफ-सफाई, चूने की लाइनिंग, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र में सफाई कार्य दो शिफ्टों में किया जाए तथा विद्युत आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा मेडिकल टीम की तैनाती के भी निर्देश दिए गए।
सड़कों से जुड़े कार्य पंद्रह दिन में हों पूर्ण
बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए कि शहरी क्षेत्र में सड़क सुदृढ़ीकरण से जुड़े सभी कार्य आगामी पंद्रह दिनों में पूर्ण किए जाएं। विधायक ने विधानसभा क्षेत्र में 15 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए इन्हें भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम, बीकेसीएल, जलदाय विभाग, बीकानेर विकास प्राधिकरण एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
