

दिनांक 17.01.2026 को जिला प्रशासन एवं बाल अधिकारिता विभाग, बीकानेर द्वारा संचालित “बाल सुरक्षा संकल्प जागरूकता अभियान 2025-26” के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बज्जू खालसा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बाल अधिकारों के प्रति सजग करना तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाना रहा।
बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक श्री अरुण सिंह शेखावत ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री जुगल किशोर व्यास द्वारा विद्यार्थियों को बाल विवाह, गुड टच–बैड टच, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति एवं नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह की रोकथाम से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए इसके सामाजिक एवं शैक्षणिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
गुड टच–बैड टच विषय पर बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान तथा किसी भी असहज स्थिति में सहायता प्राप्त करने के उपाय बताए गए।
इसके अतिरिक्त बाल कल्याण समिति सदस्य श्री जन्मेय व्यास द्वारा बाल श्रम एवं बाल भिक्षावृत्ति को कानूनन अपराध बताते हुए बच्चों को शिक्षा से जोड़ने एवं उनके अधिकारों की रक्षा करने का संदेश दिया गया। नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में चाइल्डलाइन समन्वयक श्री प्रवेश आचार्य द्वारा बाल विवाह के विरुद्ध सभी को शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान टीम सदस्य श्री जुगल किशोर व्यास, श्री जन्मेय व्यास, श्री प्रवेश आचार्य, श्री भवानी शंकर, श्रीमती सरिता राठौड़ तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बज्जू खालसा के प्रधानाचार्य श्री नरसिंह सोढ़ा, व्याख्याता श्री ओमप्रकाश पूनियां, श्री नरेश कुमार गुर्जर सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
