

चिल्ड्रन फेस्टिवल आजू गूजा : 16 से 18 जनवरी तक
बीकानेर। जिला मुख्यालय पर एक बार फिर से बच्चों के लिए आ रहा है बीकानेर चिल्ड्रन फेस्टिवल-आजू गूजा । इस फेस्टिवल की धूम इस बार डॉ.करणी सिंह स्टेडियम में 16 से 18 जनवरी तक रहेगी। फेस्टिवल का समय सुबह 10 से शाम 5 बजे तक रहेगा। जिला प्रशासन, नगर निगम और बीकानेर विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहे इस भव्य आयोजन में 3 से 14 साल तक के बच्चे भागीदारी निभा सकेंगे।आयोजन की तैयारियों को लेकर निगम कमिश्नर मयंक मनीष ने सोमवार को डॉ करणी सिंह स्टेडियम में संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर फेस्टिवल की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक श्री केडी चारण, कोषाधिकारी धीरज जोशी, मलंग फाउंडेशन के श्री गोपाल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इस बार आजू-गूजा का खास आकर्षण धारावी से 18 बच्चों की थियेटर क्रांति रहेगी। इसमें मुंबई के धारावी स्लम से 18 होनहार बच्चे आ रहे हैं, जो यहां पर रैपिंग, ग्रैफिटी, म्यूज़िक और थिएटर के माध्यम से संघर्ष से सफलता की कहानी मंच पर साकार करेंगे।
फेस्टिवल में बीकानेर में पहली बार दिल्ली से आ रही 15 से 17 फीट ऊंची विशेष जायंट पपेट होगी। जो पूरे मैदान में घूमेगी और दूर से ही अपनी ओर सभी का ध्यान खींचेगी। मनीष ने बताया कि इस बार बच्चों के लिए खासतौर पर भारत के चार्ली चौपलिन कहे जाने वाले कुणाल मोटलिंग को मुम्बई से बुलाया गया है। जो बिना शब्दों के ही अपनी भावनाओं को साक्षात करेंगे।
यह भी रहेंगे मुख्य आकर्षण
निगम कमिश्नर ने बताया कि फेस्टिवल में लाइव थिएटर परफॉर्मेंस, ग्रैफिटी वर्कशॉप, बीटबॉक्स जैम सेशन भी होगा। साथ ही ख्यातनाम कठपुतली कलाकार संध्या की टीम बच्चों के लिए कहानी, हास्य और भावनाओं से भरी कठपुतलियों का प्रदर्शन करेंगेी। अहमदाबाद से आ रही सिर्फ ब्लैक एंड व्हाइट में स्पेस को ज़िंदा कर देने वाली डूडल आर्ट वर्कशॉप होगी। यह बच्चों की कल्पना शक्ति को नए आयाम देगी। वहीं 18 साल की मैक्रेमे आर्टिस्ट टाटानगर से आएंगी।
