

वीरता एवं उत्कृष्टता का सम्मान
बीकानेर/जयपुर। सप्त शक्ति कमान अलंकरण समारोह का आयोजन सैन्य स्टेशन स्थित सप्त शक्ति ऑडिटोरियम में परंपरागत सैन्य गरिमा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामय समारोह की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, आर्मी कमांडर, सप्त शक्ति कमान ने की अलंकरण समारोह का आयोजन प्रतिवर्ष उन अधिकारियों, जूनियर कमीशंड अधिकारियों एवं सैनिकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया जाता है, जिन्होंने राष्ट्र सेवा में अनुकरणीय साहस, प्रभावी नेतृत्व एवं निःस्वार्थ समर्पण का परिचय देते हुए स्वयं को विशिष्ट सिद्ध किया है। समारोह में सप्त शक्ति कमान के अधिकारी एवं सैनिक, पूर्व सैनिक तथा सम्मानित कार्मिकों के गौरवान्वित परिजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर कुल 06 सेना मेडल (वीरता), 01 सेना मेडल (विशिष्ट सेवा), 01 युद्ध सेवा मेडल तथा 02 विशिष्ट सेवा मेडल व्यक्तिगत वीरता, उत्कृष्ट नेतृत्व एवं कर्तव्य के प्रति असाधारण निष्ठा के लिए प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, दक्षिण पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ द्वारा 17 यूनिटों को उनकी उत्कृष्ट परिचालन दक्षता, व्यावसायिक उत्कृष्टता एवं अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए यूनिट प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। समारोह के दौरान 04 वेटरन अचीवर्स एवं 03 नागरिक प्रशासन के अधिकारियों को भी उनके विशिष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
