

पूर्व सैनिक रैली का आयोजन
जयपुर/बीकानेर। भारतीय सेना की सप्त शक्ति कमान के अंतर्गत डॉट ऑन टारगेट डिवीजन ने 29 नवंबर 2025 को हिसार मिलिट्री स्टेशन में हरियाणा के दस जिलों भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, हिसार, झज्जर, जींद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, रोहतक और सिरसा, के लिए एक पूर्व सैनिक रैली और चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 1500 से अधिक पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, वीर माताओं और उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री श्री राव नरबीर सिंह, सप्त शक्ति कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, सप्त शक्ति आवा की क्षेत्रीय अध्यक्षा श्रीमती बरिंदर जीत कौर, तथा डॉट ऑन टारगेट डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल अमित तलवार उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, नागरिक गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न कल्याणकारी संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिन्होंने लगातार मदद, समय पर परिलब्धियों का वितरण, पूर्व सैनिक कल्याण तंत्र के साथ व्यवस्थित संपर्क सुनिश्चित करने में नागरिक प्रशासन की जिम्मेदारियों को फिर से रेखांकित किया। कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी कैडेटों और सैन्य बैंड की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई, जिसमें सैनिकों की भावना और राष्ट्र निर्माण में पूर्व सैनिकों की महत्वपूर्ण भूमिका का उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया गया।
