

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स : खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन
बीकानेर। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 के तहत वेटलिफ्टिंग स्पर्धा के चौथे दिन शुक्रवार को महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय परिसर में रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले हुए। देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर स्पर्धा को और गति प्रदान की। शुक्रवार को पशु विज्ञान एवं पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास और जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए सुधीश शर्मा ने विजेताओं को पदक प्रदान किए। कुलगुरु डॉ. व्यास ने कहा कि बीकानेर अपनी मेजबानी और अतिथि सत्कार परंपरा को लेकर देश भर में विशेष पहचान रखता है। इन खेलों के आयोजन में भी बीकानेर ने अपनी इस विशेषता को दर्शाया है। सीए शर्मा ने कहा कि खेल परिदृश्य में भी बीकानेर विशेष पहचान रखता है। यह आयोजन बीकानेर की इस पहचान को और अधिक सशक्त बनाएगा।
