

बच्चों को मोबाइल-टीवी स्क्रीन से रखें दूर
बीकानेर। बच्चों को मोबाइल-टीवी स्क्रीन से पूरी तरह दूर रखें। बच्चों को खो-खो, कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों में जरूर शामिल करें। इससे मानसिक विकास बेहतर होता है और अवसाद की संभावना कम रहती है। यह विचार डॉ. श्याम अग्रवाल ने रोटरी रॉयल्स द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता अभियान निरामय के शुभारंभ पर एसडीपी मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के साथ संवाद और स्वास्थ्य जांच आयोजन में कही। रोटरी रॉयल्स के अध्यक्ष रोटे. सुनील चमड़िया ने बताया कि इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने विद्यार्थियों से रूबरू होते हुए कहा कि हमें बाहर के खाने से जितना हो सके बचना चाहिए। यह स्वास्थ्यवर्धक नहीं होता और कई बार खतरनाक भी साबित होता है।
संवाद में वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के उपनिदेशक डॉ. राहुल हर्ष ने बच्चों को अपने परिवार, समाज और देश के लिए जीने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि हमें विद्यार्थी जीवन में पाँच नियम काग चेष्टा, बको ध्यानं, स्वान निद्रा, परहेज तथा नियमित खूब शारीरिक चुस्ती वाले खेल नियमित रूप से स्थापित कर पालन करना चाहिए। विद्यालय प्राचार्या डॉ. सीमा पुरोहित ने शाला में शिक्षा के साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता तथा खेल गतिविधियों की जानकारी रखते हुए निरामय’ स्वास्थ्य अभियान के महत्व को सदन के सामने रखते हुए आज के समय में ऐसे ठोस प्रयासों की पहल उपयोगी बताई। आयोजन के दौरान शाला प्रबंधक केशव पुरोहित, रविकान्त पुरोहित, दीपक व्यास, रोटे. नितेश रंगा, शिक्षक सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
