

व्होल ऑफ़ नेशन एप्रोच पर सेमिनार आयोजित
बीकानेर/जयपुर। जयपुर मिलिट्री स्टेशन में भविष्य के संघर्षों का सामना करने हेतु व्होल ऑफ़ नेशन एप्रोच विषय पर आयोजित सुरक्षा समन्वय सेमिनार का समापन हुआ। सेमिनार सेंटर फॉर लैंड वॉरफेयर स्टडीज़, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित किया गया था। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य विचारों को कार्यान्वयन में परिवर्तित करना तथा सूचना अभियानों में होल-ऑफ-नेशन एप्रोच पर विचार करते हुए भारत की भावी रणनीतिक रूपरेखा तैयार करना था। प्रथम सत्र में राष्ट्रीय स्तर पर सूचना, साइबर और प्रभाव संचालन के लिए एक सुदृढ़ ढांचे के निर्माण पर चर्चा हुई। इसमें भारत के सूचना परिदृश्य की कमजोरियों का विश्लेषण, वैश्विक प्रवृत्तियों का अध्ययन, राष्ट्रीय नैरेटिव को सुदृढ़ करने, दुष्प्रचार तथा ग्रे-ज़ोन खतरों से निपटने के उपायों पर विमर्श किया गया। सेमिनार का समापन इस दृढ़ संकल्प के साथ हुआ कि राष्ट्रीय सुरक्षा को सार्थक रूप से सुदृढ़ करने के लिए सामूहिक प्रयास और नागरिक भागीदारी अनिवार्य है। प्रत्येक नागरिक देश की सुरक्षा – आंतरिक और बाह्य दोनों – में समान रूप से योगदान देता है। सेमिनार ने यह स्पष्ट किया कि आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सभी हितधारकों के बीच सतत समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
