

राज्य से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक होंगे वंदे मातरम@150 के आयोजन, सामूहिक गायन, रैली और सेवाकार्य से सुदृढ़ होगी स्वदेशी व राष्ट्रीय एकता की भावना
बीकानेर। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में राज्य के साथ-साथ जिले, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक आगामी 7 नवम्बर 2025 से विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 7 नवम्बर को जयपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में सभी सरकारी और गैर-सरकारी शिक्षण संस्थान, विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, तकनीकी महाविद्यालय, मेडिकल एवं पैरामेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, एनसीसी, एनएसएस, हिंदुस्तान स्काउट गाइड, पुलिस एवं आरएसी के जवान, सामाजिक संगठन और आमजन की भागीदारी रहेगी।
इस अवसर पर भव्य ‘वंदे मातरम ’ गायन, 50 हजार तिरंगा झंडों का वितरण, स्कूल, पुलिस एवं आर्मी की बैंड प्रस्तुतियाँ तथा महापुरुषों की प्रदर्शनी जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों व आम नागरिकों द्वारा देशभक्ति के माहौल में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ ‘वंदे मातरम’ गायन का ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा। राज्यभर में थीमेटिक प्रदर्शनी, फोटोग्राफ, आर्काइव सामग्री, डिजिटल पैनल और कला प्रदर्शनियों के माध्यम से ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ को ऐतिहासिक स्वरूप में मनाया जाएगा। इसी दिन अजमेर, बीकानेर, उदयपुर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर, सीकर, भीलवाड़ा और अलवर के जिला मुख्यालयों में जिला स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
