

माली सैनी वैवाहिक समारोह : 17 जोड़ों ने किया पाणिग्रहण, प्रथम पहुंचे दूल्हे का हुआ अभिनंदन
बीकानेर। बैंड बाजों की धुन और मांगलिक गीतों की गूंज के साथ देवउठनी एकादशी शनिवार को माली सैनी समाज का वैवाहिक समारोह सम्पन्न हुआ। गोपेश्वर बस्ती स्थित शिव पार्वती भवन मार्ग को पूरी तरह शामियाने से सजाया गया। करीब 1५ से 1६ हजार सामाजिक बंधुओं के आगमन व स्वागत-सत्कार की व्यवस्थाओं से समारोह की भव्यता नजर आई। माली सैनी वैवाहिक समारोह समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि 17 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। समारोह में सबसे पहले पहुंचे प्रथम दुल्हे शेरू गहलोत पुत्र श्री बजरंग गहलोत किसमीदेसर निवासी का समिति द्वारा अभिनंदन किया गया। तोरण पोखना, वरमाला सहित अन्य कई रस्मों के साथ दुल्हा-दुल्हन ने सात वचनों के साथ वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। आयोजन से संबंधित वित्त एवं लेखा समिति, व्यवस्था समिति, भोजन व्यवस्था समिति, पंजीकरण समिति, पूजन एवं वैदिक संस्कार समिति अतिथि स्वागत समिति, प्रचार एवं मीडिया समिति, सुरक्षा एवं अनुशासन समिति, उपहार समिति, परिवहन समिति, मंच संचालन समिति द्वारा अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया गया।
