

शोभायात्रा निकली, जिनालयों में किए दर्शन वंदन
बीकानेर। गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर, मुनि मंथन प्रभ सागर व बाल मुनि मीत प्रभ सागर के सान्निध्य में बीकानेर की साध्वी दीपमाला श्रीजी म.सा. के 15 दिन की तपस्या की अनुमोदनार्थ बुधवार को गाजे बाजे से परमात्मा की पालकी के साथ शोभायात्रा निकली । साध्वीजी के सांसारिक कोठारी परिवार के परिजनों ने सुगनजी महाराज के उपासरे में पारणा करवाया।
मुनि, साध्वी, श्रावक-श्राविकाओं के चतुर्विद संघ के साथ उन्होंने नाहटा चैक के प्राचीन आदिश्वरजी, भुजिया बाजार के चिंतामणि जैन मंदिर तथा सुगनजी महाराज के उपासरे में भगवान कुंथुनाथजी व क्षमा कल्याणजी महाराज के दर्शन वंदन किया। शोभायात्रा डागा, सेठिया पारख मोहल्ले के महावीर भवन से रवाना होकर विभिन्न जैन बहुल्य मोहल्लों से होते हुए सुगनजी महाराज के उपासरे में पहुंच कर धर्मसभा में बदल गई। शोभायात्रा के मार्ग पर जगह-जगह श्रावक-श्राविकाओं ने साध्वीजी के दर्शन वंदन किया तथा उनके तपस्या की अनुमोदना की।
