

महिला सड़क सुरक्षा अग्रदूत प्रशिक्षण एवं निःशुल्क हेलमेट वितरण
बीकानेर। बीकानेर सड़क सुरक्षा समिति द्वारा आवास फाइनेंशियर्स लिमिटेड, सदा सुरक्षा सोसायटी, लायंस क्लब और रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आवास यूथ सड़क सुरक्षा, शिक्षा एवं जागरूकता अभियान के तहत रवींद्र रंगमंच में श्महिला सड़क सुरक्षा अग्रदूत प्रशिक्षण एवं निःशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रमश् आयोजित किया गया। इस दौरान 500 छात्राओं ने सड़क सुरक्षा अग्रदूत के रूप में स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित सड़क संस्कृति विकसित करने के साथ वर्ष 2047 तक सड़क हादसों रहित राष्ट्र का निर्माण करने की शपथ ली।
पुलिस उप अधीक्षक (यातायात) किशन सिंह ने सुरक्षित सड़कें-समृद्ध भारत बनाने की शपथ दिलाई और विशेष सड़क सुरक्षा संदेश लिखे स्टीलबर्ड निर्मित हेलमेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए गए ऐसे अभियानों को उपयोगी बताया और यातायात नियमों की पालना करने की अपील की।
यातायात निरीक्षक नरेश कुमार ने दुपहिया और चार पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग का आह्वान किया। श्रवण कुमार ने यातायात संकेतों के बारे में बताया।
इस दौरान आवास फ़ाइनेंशियर्स लिमिटेड के ब्रांच हेड रविन्द्र व्यास, रमेश हर्ष, चेतना ओझा, डॉ अर्चना शर्मा, मेवा सिंह, एमके सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे। सभी को सड़क सुरक्षा पॉकेट बुक एवं प्रशिक्षण प्रमाण दिए गए।
