Bikaner Bikaner District Rajasthan

बीकानेर विकास प्राधिकरण के मास्टर डवलपमेंट प्लान-2043 का प्रारूप जारी

तीस दिन में दे सकेंगे सुझाव और आपत्तियां
बीकानेर बीकानेर विकास प्राधिकरण की ओर से मास्टर डवलपमेंट प्लान-2043 का प्रारूप बुधवार को जारी हुआ। बीकानेर विकास प्राधिकरण अधिनियम 2025 की धारा 21 और धारा 23 की उपधारा (1) के तहत मास्टर विकास योजना प्रारूप 2043 का प्रकाशन किया गया है। आमजन और विभिन्न विभाग अगले तीस दिनों में इस पर अपने सुझाव अथवा आपत्तियां दे सकेंगे। इसके बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर एवं बीडीए अध्यक्ष श्रीमती नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक श्री कावेन्द्र सिंह सागर, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती अपर्णा गुप्ता, जिला प्रमुख श्री मोडाराम मेघवाल, बीकानेर विकास प्राधिकरण उपायुक्त श्री कुणाल राहड़, निदेशक (वित्त) श्री नरेश राजपुरोहित, निदेशक (आयोजना) श्री पुनीत शर्मा, उप नगर नियोजक श्रीमती गरिमा चारण, सहायक नगर नियोजक श्री अर्पित मोदी, अर्बन प्लानर श्री आकाश कर्णावत सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि नगरीय क्षेत्र के विकास को ध्यान रखते हुए राज्य सरकार द्वारा नगर विकास न्यास को क्रमोन्नत कर 15 दिसम्बर 2024 को बीकानेर विकास प्राधिकरण का गठन किया गया था। बीकानेर रीजन के विकास को देखते हुए कुल 185 राजस्व गांवों तथा बीकानेर, नापासर एवं देशनोक नगरीय क्षेत्रों को सम्मिलित करते हुए बीकानेर डवलपमेंट प्राधिकरण बीकानेर रीजन बनाया गया।
रीजन में शामिल 185 ग्रामों के अनुसार मास्टर प्लान को नवीनीकृत किए जाने का निर्णय लिया गया था। इसके मद्देनजर नगर विकास न्यास क्षेत्र के लिए तैयार किए गए प्रारूप मास्टर प्लान की निरंतरता में बीकानेर विकास प्राधिरण अधिनियम 2025 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए बीकानेर रीजन का मास्टर डवलपमेंट प्लान का प्रारूप वर्ष 2043 के हिसाब से तैयार किया गया है।
जिला कलक्टर ने बताया कि प्रारूप मास्टर प्लान को जीआईएस प्लेटफार्म में तैयार किया गया है, जिसमे समस्त 188 गांवों अथवा नगरीय क्षेत्रों का राजस्व मानचित्र/मौका स्थिति को अद्यतन किया गया है। ⁠यह जानकारी प्राधिकरण की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है, जिससे कि आम जन को अपनी भूमि के भू-उपयोग की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *