

हर घर तिरंगा अभियान आमजन में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करता है
बीकानेर। हर घर तिरंगा अभियान आमजन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना के साथ राष्ट्रभक्ति की भावना का भी संचार करता है। जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर परिवार जिस प्रकार से जिले के जरूरतमंद लोगों के लिए आत्मनिर्भरता कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन कर रहा है वह बहुत सराहनीय है ये उद्बोधन मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत व्यक्त किए। इसी क्रम में व्यास ने संस्थान द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा को भी हरीझंडी दिखाकर रवाना किया और कौशल विकास प्रशिक्षणों के प्रमाणपत्र भी वितरित किए।
व्यास ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति समर्पित होने के लिए आमजन को जागरूक करती है। जब यह यात्रा आपके मोहल्ले, गली और क्षेत्र से निकलती है तो जो, जो लोग इसे देखते हैं वे भी इससे जुड़ते चले जाते हैं। इसके साथ श्रीव्यास ने कहा कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र यह है कि हम निरंतर अपने कार्य में जुटे रहें, हमारी वाणी में मधुरता हो, हमारे दिल में लक्ष्य को पूरा करने की आग जलती रहे और हमारा दिमाग हमेशा शांति से निर्णय ले। सान्निध्य उद्बोधन में बीकानेर प्रौढ़ शिक्षण समिति के अध्यक्ष डॉ. ओम कुवेरा ने कहा कि व्यास की सरलता और जनसहयोग की भावना इनको विशिष्ट विधायक बनाती है। इसके साथ ही डॉ. कुवेरा ने सुझाव दिया कि बीकानेर के स्वतंत्रता सेनानियों के पार्क को भी प्रेरणा एवं पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की भी परमावश्यकता है ताकि बीकानेर की युवापीढ़ी को तो अपने स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में जानने का मंच मिले।
अध्यक्षीय उद्बोधन में जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर के अध्यक्ष एडवोकेट गिरिराज मोहता ने कहा कि देशभक्ति की भावना केवल सोशल मीडिया तक ही सीमित नहीं रहें हमारे जीवन कार्य-व्यवहार में भी हमारी देशभक्ति झलकनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि सुनील कुमार बोड़ा, सेवनिवृत अति.जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से देश के प्रत्येक नागरीक देश की प्रगति में सहायक बनने की प्रेरणा मिलती है।
